Last Updated: Friday, September 28, 2012, 14:50
सूरजकुंड (हरियाणा) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार ने सत्ता में बने रहने का अधिकार खो दिया है। पार्टी ने यह भी कहा कि केवल वही देश को सही दिशा दे सकती हे। भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश करते हुए पार्टी नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि देश दोराहे पर है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग ने सत्ता में बने रहने का अधिकार खो दिया है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि यह देश की राजनीति को नई दिशा देने का वक्त है। जोशी ने कोयला ब्लॉक आवंटन में कथित अनियमितता के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेल आयोजन में धांधली और 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में घोटाला का जिक्र करते हुए जोशी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की चुप्पी आश्चर्यजनक है।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पेश भाजपा के प्रस्ताव में कहा गया है कि पार्टी देश के गौरव को फिर से स्थापित करेगी और देश जिस पीड़ा से गुजर रहा है, उससे उसे बाहर निकालेगी। प्रस्ताव में यह भी कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में हाल के दिनों में सरपंचों की हत्या से जाहिर है कि राज्य में आतंकवाद एक बार फिर सिर उठा रहा है।
प्रस्ताव में असम में बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ, मुम्बई में अमर जवान ज्योति पर हमला तथा उत्तर प्रदेश में पिछले छह में भड़के साम्प्रदायिक दंगों पर भी चिंता जताई गई है। (एजेंसी)
First Published: Friday, September 28, 2012, 14:50