Last Updated: Sunday, January 29, 2012, 17:27

अगरतला : माकपा के महासचिव प्रकाश करात ने कांग्रेस नीत संप्रग सरकार को घोटालों की सरकार करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया संसद में लोकपाल विधेयक पारित नहीं होने के लिये वही जिम्मेदार है।
करात ने पार्टी के 20वें राज्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, संप्रग सरकार भ्रष्टाचार के लिये कारपोरेट घरानों को लाइसेंस दे रही है। यह कई घोटालों में शामिल रही है जिसमें टू जी घोटाले भी शामिल हैं। इस सरकार को घोटालों की सरकार कहा जा सकता है।
उन्होंने कहा, उपर से नीचे तक सरकार भ्रष्ट है इसलिए उन्होंने संसद में लोकपाल विधेयक पारित नहीं कराया। लोकपाल भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूत हथियार है लेकिन केवल इसी विधेयक को पारित कराने भर से भ्रष्टाचार को नहीं मिटाया जा सकता। हम मजबूत न्यायपालिका और चुनाव सुधार भी चाहते हैं।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक उदारीकरण की नीतियों का अंध पालन कर रही है जिसके परिणामस्वरूप आवश्यक सामग्री के दाम आसमान छू रहे हैं, बेरोजगारी बढ़ी है और आम आदमी जीवन की सुविधाओं को खो रहा है ।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 16 वषरें में सरकार की विफलता के कारण देश भर में 2 . 56 लाख किसानों ने आत्महत्या की। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 29, 2012, 22:57