Last Updated: Thursday, July 25, 2013, 23:20
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : ताजातरीन एक सर्वे के मुताबिक 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की चांदी ही चांदी है। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। एक अंग्रेजी चैनल और एक अंग्रेजी अखबार द्वारा संयुक्त रूप से कराए गए सर्वे के मुताबिक भाजपा को यूपी में 29 से 33 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा का वोट प्रतिशत 77 फीसदी रहेगा और वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। यूपी में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। दूसरे नंबर पर सपा रहेगी। उसे 17 से 21 सीटें मिल सकती हैं। बसपा को 14 से 18 सीटें मिल सकती है। 16 फीसदी वोट शेयर के साथ कांग्रेस को 11 से 15 सीटें मिल सकती हैं।
सर्वे के मुताबिक मध्य प्रदेश में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी रहने वाली है। एमपी में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। भाजपा को यहां 21 से 25 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा का वोट शेयर 50 फीसदी रहने वाला है। कांग्रेस को 2 से 6 और बसपा को 4 सीटें मिल सकती हैं। राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर होगी। राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। कांग्रेस और भाजपा को 10 से 14 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 2 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में दोनों दलों को 44-44 फीसदी वोट शेयर मिलने की बात कही गई है।
First Published: Thursday, July 25, 2013, 23:20