'येदियुरप्‍पा के खिलाफ कार्रवाई पर खेद नहीं' - Zee News हिंदी

'येदियुरप्‍पा के खिलाफ कार्रवाई पर खेद नहीं'



पणजी :भाजपा के वरिष्‍ठ नेता लालकृष्‍ण आडवाणी ने बुधवार को कहा कि उन्‍हें इस बात का कोई खेद नहीं है कि पार्टी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्‍यमंत्री बीएस येदियुरप्‍पा के खिलाफ कार्रवाई की। आडवाणी ने अपनी जनचेतना यात्रा के 22वें दिन पणजी में कहा कि कर्नाटक में समस्या इसलिए है, क्योंकि पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ाई से निपट रही है।

 

आडवाणी से जब येदियुरप्पा मुद्दे को लेकर पार्टी में मतभेदों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे किसी भी बात का खेद नहीं है। चाहे कांग्रेस हो या भाजपा, सभी को भ्रष्टाचार के साथ प्रभावी तरीके से निपटना होगा। गौर हो कि येदियुरप्पा भ्रष्टाचार के आरोपों में फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

 

आडवाणी ने कहा कि भ्रष्टाचार को तनिक भी सहन नहीं करने की अपनी नीति के कारण पार्टी को कर्नाटक में असंतुष्टों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी जोड़ा कि कर्नाटक में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के कारण पार्टी नेताओं के खिलाफ जो कार्रवाई की गई उस पर उन्हें अफसोस नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस हो या भाजपा, भ्रष्टाचार से सख्ती से निपटे जाने की जरूरत है। अपनी रथयात्रा के दौरान गोवा पहुंचे आडवाणी ने संवाददाताओं से कहा कि कर्नाटक में समस्या का मूल कारण यह है कि पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सख्ती से पेश आ रही है। इसलिए, मुझे किसी चीज पर अफसोस नहीं है। हमें भ्रष्टाचार से सख्ती से निपटना होगा। चाहे वह कांग्रेस में हो या फिर मेरी पार्टी में।

 

हालांकि, उन्होंने कर्नाटक के अवैध खनन घोटाले के बारे में बात करने से मना कर दिया, लेकिन कहा कि गोवा में इस मुद्दे पर कड़ाई से निपटे जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह (अवैध खनन) गंभीर मुद्दा है। यात्रा के दौरान जहां मैंने स्थानीय विषयों पर कुछ कहने से मना किया है, मैंने कल कहा कि इसके कारण वैध खनन का काम करने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है। मेरे पार्टी कार्यकर्ता इस विषय पर काफी सक्रिय हैं।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 2, 2011, 17:00

comments powered by Disqus