रक्षा मंत्री एंटनी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस

रक्षा मंत्री एंटनी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस

रक्षा मंत्री एंटनी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिसज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने आज लोकसभा में रक्षा मंत्री एके एंटनी को विशेषाधिकार हनन का नोटिस थमाया है। यह नोटिस कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान के हमले पर एंटनी के दिए बयान को लेकर दिया गया है। यशवंत सिन्हा ने कहा कि रक्षा मंत्री के बयान ने देश को गुमराह किया है।

पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा पांच भारतीय सैनिकों की हत्या के मुद्दे पर रक्षा मंत्री एके एंटनी के बयान के खिलाफ भाजपा ने आज लोकसभा में विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव का नोटिस दिया है। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन को बताया कि उन्हें भाजपा नेता यशवंत सिन्हा की ओर से उक्त मामले में विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव का नोटिस प्राप्त हुआ है।

नोटिस में कहा गया है कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा पांच भारतीय सैनिकों की हत्या के मुद्दे पर सदन में विरोधाभासी बयान देकर सदन को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि यह नोटिस उनके विचाराधीन है। इससे पूर्व, सिन्हा ने सदन के बाहर संवाददाताओं से कहा कि रक्षा मंत्री का बयान हास्यास्पद है जो रक्षा मंत्रालय के पूर्व में दिये गए बयान से पूरी तरह से अलग है।

यशवंत सिन्हा ने कल कहा था कि हम एंटनी के उस बयान पर गहरा ऐतराज व्यक्त करते हैं कि पाकिस्तानी सेना की वर्दी पहने भारी हथियारों से लैस 20 आतंकवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा था, ‘रक्षा मंत्री ने यहां बैठे-बैठे कैसे देख लिया कि वे आतंकवादी थे। आपकी (रक्षा मंत्री) बड़ी पैनी नजर है। हम रक्षा मंत्री की इस शब्दावली पर गहरा ऐतराज व्यक्त करते हैं।’

First Published: Wednesday, August 7, 2013, 10:32

comments powered by Disqus