राजस्थान भाजपा अध्यक्ष पद पर वसुंधरा की होगी ताजपोशी!

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष पद पर वसुंधरा की होगी ताजपोशी!

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष पद पर वसुंधरा की होगी ताजपोशी! ज़ी न्यूज़ ब्यूरो/एजेंसी
जयपुर/नई दिल्ली : भाजपा आलाकमान ने राजस्थान भाजपा अध्यक्ष का पद वसुंधरा राजे को देने का मन बना लिया है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है। बुधवार को होने वाली पार्टी कोर ग्रुप की बैठक इसी वजह से एक फरवरी तक के लिए टाल दी गई।

वसुंधरा राजे के विरोधी नेताओं से पार्टी आलाकमान ने कहा है कि वह राजे के साथ तालमेल बिठाने का प्रयास करें। राजे से भी पार्टी ने ऐसे ही व्यवहार की उम्मीद जताई है। पार्टी आलाकमान के फार्मूले के तहत वसुंधरा राजे को विधानसभा चुनाव के लिए नेता घोषित किया जाएगा। विरोधी खेमे से संतुलन बिठाने के लिए घनश्याम तिवाड़ी या गुलाबचंद कटारिया में से किसी एक को नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है।

मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने तिवाड़ी और कटारिया को अंतिम बार समझाने का प्रयास किया कि वे पार्टी आलाकमान का फैसला मानें। नाखुश होकर तिवाड़ी और कटारिया तुरंत राजस्थान लौट गए।

पार्टी आलाकमान ने अपने सबसे बड़े चुनावी रणनीतिकार अरुण जेटली को राजस्थान का चुनाव प्रभारी बनाकर भेजने का मन बनाया है। बताया जा रहा है कि पार्टी के इस सुझाव पर वसुंधरा राजे ने भी हरी झंडी दे दी है। इस बीच समीकरणों को साधने की कवायद में राजे सुषमा स्वराज से भी मिलीं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने राजनाथ से मुलाकात की। संघ ने भी राजस्थान भाजपा अध्यक्ष पद के लिए वसुंधरा के नाम को हरी झंडी दे दी है।

First Published: Thursday, January 31, 2013, 11:23

comments powered by Disqus