राष्ट्रपति ने कीं युद्धपोत की सवारी - Zee News हिंदी

राष्ट्रपति ने कीं युद्धपोत की सवारी

मुंबई : सुखोई विमान और युद्धक टैंक के बाद राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने आज देश के भारी भरकम नौसैनिक बेड़े की समीक्षा के लिए पहली बार एक युद्धपोत की सवारी की। प्रतिष्ठित समुद्री कमांडो से चाक चौबंद नौसैनिक युद्धपोत आईएनएस सुभद्रा पर सवार राष्ट्रपति ‘10वें राष्ट्रपति नौसैनिक बेड़े की समीक्षा’ के तहत 81 जहाजों और 44 विमानों के बेड़े की समीक्षा कर रही हैं।

 

नौसैनिक टोपी पहनकर पाटिल युद्धपोत पर विशेष तौर पर तैयार किए गए मंच पर नौसैनिक प्रतीक को प्रदर्शित कर रही छतरी के नीचे बैठीं। राष्ट्रपति के साथ रक्षा मंत्री एके एंटनी, तीनों सेना के प्रमुखों सहित चार कबीना मंत्री भी हैं। 150 जवानों के सलामी गारद का निरीक्षण करने और 21 तोपों की सलामी के साथ सशस्त्र सेना की सर्वोच्च कमांडर पाटिल ने सुबह 9 बजे समीक्षा की शुरूआत की। सलामी के जवाब में पाटिल ने खड़े होकर सभी जहाजों को सलामी दी। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 20, 2011, 12:40

comments powered by Disqus