राहत कार्यों का श्रेय लेने पर आपस में भिड़े कांग्रेस-टीडीपी के नेता

राहत कार्यों का श्रेय लेने पर आपस में भिड़े कांग्रेस-टीडीपी के नेता

राहत कार्यों का श्रेय लेने पर आपस में भिड़े कांग्रेस-टीडीपी के नेता देहरादून : देहरादून में बुधवार को प्रतिस्पर्धात्मक राजनीति नजर आई जब जॉलीग्रांट हवाईअड्डे पर आंध्र प्रदेश से आए कांग्रेस और तेलुगु देसम पार्टी के सांसदों के बीच राज्य के श्रद्धालुओं को वापस ले जाने को लेकर धक्कामुक्की हुई।

कांग्रेस के सांसद हनुमंत राव और तेदेपा सांसदों रमेश राठोड़ तथा के नारायण के बीच तकरार तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के सामने हुई। तेदेपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई नारेबाजी से हवाईअड्डे पर राजनीतिक वर्चस्व दिखाने की कोशिश साफ जाहिर हुई। बाढ़ पीड़ितों को विमान से वापस घर ले जाने के लिए विमानों की व्यवस्था दोनों दलों ने की थी।

हनुमंत राव ने दावा किया कि तेदेपा नेताओं ने बाढ़ पीड़ितों को उस विमान में चढ़ने से रोका जिसकी व्यवस्था आंध्र प्रदेश सरकार ने की थी। यह विमान हैदराबाद जाना था। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सरकार विमान की व्यवस्था कर चुकी है। तेदेपा नेता श्रद्धालुओं को यह कह कर विमान में चढ़ने से रोक रहे थे कि उन्होंने श्रद्धालुओं को दिल्ली ले जाने के लिए एक अन्य विमान की व्यवस्था की है।

नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री डी श्रीधर बाबू को मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने देहरादून में राहत अभियान की निगरानी का जिम्मा सौंपा है। बाबू ने आरोप लगाया कि तेदेपा सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस सांसद का दावा खारिज करते हुए, आदिलाबाद से तेदेपा के सांसद रमेश राठोड़ ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के नेता कोशिश कर रहे थे कि बाढ़ पीड़ितों की बस को हवाईअड्डा पहुंचने में और उनको उस विमान में चढ़ने में देर हो जिसकी व्यवस्था आंध्र प्रदेश सरकार ने की है। चंद्रबाबू नायडू ने पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि त्रासदी को लेकर कोई प्रतिस्पर्धा नहीं होनी चाहिए।

बहरहाल, उन्होंने कहा कि जब तक सभी श्रद्धालु अपने घर सुरक्षित नहीं पहुंच जाते तब तक वह अपनी ‘सेवा’ जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश की कांग्रेस सरकार श्रद्धालुओं की मदद करने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कुछ नहीं किया। उनकी आंख तब खुली जब हमने श्रद्धालुओं को बाढ़ वाले इलाकों से बाहर निकालने और उन्हें विमान से हैदराबाद वापस भेजने की पहल की। वे हमारे प्रयासों पर पानी फेर रहे हैं। हमने जो किया, मानवीय आधार पर किया। हमने पीड़ितों के लिए चिकित्सा सहायता की भी व्यवस्था की है। यह समय राजनीति करने का नहीं है।

नायडू ने आरोप लगाया कि आंध्रप्रदेश के पीड़ितों के साथ राहत अभियान में भेदभाव हो रहा है। रविवार को दिल्ली में उन्होंने आंध्रभवन में एक बैठक की और फिर देहरादून पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हैदराबाद वापस ले जाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की है। सत्तारूढ़ कांग्रेस का आरोप है कि तेदेपा प्रमुख मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। आंध्रप्रदेश के राजस्व मंत्री एन रघुवीर रेड्डी ने दो दिन पहले आरोप लगाया था कि नायडू हाल ही में संपन्न विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हुए थे क्योंकि वह अमेरिका में थे। वह खुद को आरोपों से बचाने के लिए यह सब कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, June 26, 2013, 21:12

comments powered by Disqus