Last Updated: Tuesday, August 6, 2013, 19:16

चंडीगढ़: पंजाब के उप मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के उस बयान की आलोचना की जिसमें उन्होंने गरीबी को एक मन:स्थिति बताया था और कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष को अभी भी भारत और उसके लोगों को समझना है।
उप मुख्यमंत्री ने एक वक्तव्य में कहा कि वक्तव्य अपने आप में राहुल की मानसिक स्थिति का परिचायक है जिन्हें अभी भी भारत और उसके लोगों को समझना है।उन्होंने कहा कि समाज के वंचित तबके की भी आकांक्षायें होती हैं और वे भी जीवन में प्रगति करना चाहते हैं। बादल ने कहा कि यह बहुत आश्चर्य की बात है कि राहुल इस मन:स्थिति को नहीं समझते और इस बात से अवगत नहीं हैं कि यह गांधी परिवार की ही देन है कि देश आज भी गरीबी, भ्रष्टाचार और आर्थिक अनिश्चयता के भंवर में फंसा हुआ है।
उन्होंने कहा कि देश अभी भी गरीबी से जूझ रहा है क्योंकि कांग्रेस आजादी के समय से ही भ्रष्ट तरीके अपना रही है।
इलाहाबाद में एक व्याख्यान माला में कल राहुल ने कहा था कि गरीबी एक मन:स्थिति है। इसका अर्थ भोजन, पैसे अथवा अन्य चीजों की कमी नहीं है। अगर किसी के पास आत्म विश्वास है तो वह गरीबी से पार पा सकता है।
इस परिप्रेक्ष्य में राहुल ने अमेठी में एक गरीब महिला का उदाहरण दिया था जिसने राजीव गांधी महिला विकास परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूह से जुडकर अपना स्वाभिमान हासिल किया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 6, 2013, 19:16