Last Updated: Saturday, November 17, 2012, 08:55

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी को कांग्रेस समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विदेश मंत्री की बागडोर संभाल रहे सलमान खुर्शीद ने खुशी जताई है।
उन्होंने ज़ी न्यूज के साथ बातचीत में कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के सचिन तेंदुलकर हैं और उनकी चमक फींकी नहीं पड़ी है। उन्होंने कहा राहुल का करिश्मा कम नहीं हुआ है। खुर्शीद ने कहा कि राहुल को यह जिम्मेदारी सौंपना एक बड़ा कदम है और वह हमेशा से ही कांग्रेस का चेहरा रहे हैं।
यह पूछे जाने पर कि राहुल गांधी यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत दिला पाने में नाकाम रहे थे , तो उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के महान खिलाड़ी हैं और क्या वह जीरो पर आउट नहीं होते है। क्या वह हमेशा ही शतक बनाते है। उन्होंने कहा कि सचिन जैसे महान खिलाड़ी भी कभी बड़ी पारियां खेलते हैं तो कभी शून्य पर आउट हो जाते हैं। लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं सचिन महान खिलाड़ी नहीं है।
उन्होंने कहा कि राजनीति भी खेल के सामान ही है। कभी जीत होती है तो कभी हार। खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस का चेहरा पहले से ही थे। सभी चाहते थे कि वह नेतृत्व को संभालें। नेतृत्व कैसे संभाला जाएं इस बात को राहुल गांधी से बेहतर कोई नहीं जानता है। इसलिए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सलमान खुर्शीद ने कहा कि हीरे की परख जौहरी ही करता है। भारतीय जनता की आंख में वह परख है और जनता हीरे की परख करना जानती है। राहुल में नेतृत्व संभालने की पूरी क्षमता है।
First Published: Friday, November 16, 2012, 11:22