‘रुश्दी की यात्रा पर राजनीति कर रही कांग्रेस’ - Zee News हिंदी

‘रुश्दी की यात्रा पर राजनीति कर रही कांग्रेस’


 

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जयपुर साहित्य महोत्सव में सलमान रुश्दी को आमंत्रित कर राजनीति की है। भाजपा का कहना है कि देश में रुश्दी के स्वागत के अनुकूल परिस्थितियां न होने के बावजूद उन्हें आमंत्रित किया गया।

 

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पहले तो कांग्रेस पार्टी ने रुश्दी के सामने भारत आने का प्रस्ताव रखा और अब उनका वीजा रद्द किया जाएगा। यहां राजनीति हो रही है। यदि उन्हें पता था कि रुश्दी के स्वागत के लिए यहां अनुकूल स्थितियां नहीं हैं तो उन्होंने उन्हें वीजा क्यों दिया।

 

उन्होंने कहा कि दारुल उलूम देवबंद के विरोध के बाद सरकार उनका वीजा रद्द करेगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद के पीछे राजनीतिक मकसद है। वैसे वह अपनी टिप्पणी को स्पष्ट करने में असफल रहे। देश की शीर्ष इस्लामी संस्था दारुल उलूम देवबंद ने सोमवार को कहा था कि सरकार रुश्दी को देश के साहित्य महोत्सव में शामिल होने की इजाजत न दे क्योंकि उन्होंने अपने काम से दुनियाभर के मुसलमानों की संवेदनाओं को आघात पहुंचाया है।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 10, 2012, 17:57

comments powered by Disqus