रेप मामले में दोषियों को कड़ी सजा हो: अन्ना

रेप मामले में दोषियों को कड़ी सजा हो: अन्ना

रेप मामले में दोषियों को कड़ी सजा हो: अन्नामुंबई : भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़े सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने आज बलात्कार के मामलों में दोषियों को कड़ी सजा देने की अपनी मांग दोहराई। हजारे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि बलात्कार के दोषियों को कड़ी सजा होनी चाहिए। सख्त कानूनों की जरूरत है।

वह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय उद्योगपति द्वारा नीलामी में हासिल किये गये महात्मा गांधी के स्मृति चिन्हों को नमन करने के बाद बोल रहे थे। इस मौके पर पूर्व थलसेना प्रमुख वीके सिंह भी मौजूद थे। हजारे ने कहा कि यह भी महत्वपूर्ण है कि परिजनों को बच्चों में मजबूत नैतिक मूल्य डालने चाहिए।

हालांकि उन्होंने दिल्ली सामूहिक बलात्कार मामले के संबंध में आध्यात्मिक गुरू आसाराम बापू और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयानों पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर गांधीवादी सिद्धांत भारत में लागू किये जाते तो देश की स्थिति आज जैसी नहीं होती। जब तक जनता को सरकार को गिराने की शक्ति नहीं मिलेगी, देश में केाई बदलाव नहीं होगा।

पटना में 30 जनवरी को महारैली का आयोजन कर रहे हजारे ने कहा कि वह देश में बदलाव लाने के लिए देशभर का दौरा कर जनता के बीच जागरूकता पैदा करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या वह आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल के आंदोलन में शामिल होना पसंद करेंगे, हजारे ने कहा कि जो कोई भी महसूस करता है कि वे देश में बदलाव चाहते हैं, उन्हें इस आंदोलन में भाग लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता राजनीति को नहीं बल्कि लोगों को बदलने की है। गांधीजी ने जिस देश का सपना देखा था वह पूरा नहीं हुआ। वीके सिंह ने कहा कि यह देश में स्वराज लाने का समय है। देश में बदलाव का समय आ गया है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और प्रमुख कारोबारी कमल मोरारका ने ब्रिटेन में पिछले साल नीलामी में महात्मा गांधी से जुड़े 29 स्मृति चिन्ह हासिल किये थे। इन सामानों को देशभर में कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 8, 2013, 21:52

comments powered by Disqus