रेल मंत्री का भांजा 90 लाख रुपए घूस लेते गिरफ्तार

रेल मंत्री का भांजा 90 लाख रुपए घूस लेते गिरफ्तार

नई दिल्ली : सरकार में शीर्ष स्तर के पद को फिक्स करने के बदले में 90 लाख रूपये के कथित रिश्वत के सनसनीखेज मामले में रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के भांजे को आज सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने इसके साथ ही रेलवे बोर्ड के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बंसल के भांजे वी सिंगला को चंडीगढ़ में महेश कुमार के वाहक मंजूनाथ से 90 लाख रूपये नकद स्वीकार करते हुए गिरफ्तार किया गया। कुमार को हाल में ही सदस्य (स्टाफ) के तौर पर पदोन्नत किया गया था और वह सदस्य (इलेक्ट्रिकल) का लुभावना पद पाने का प्रयास कर रहे थे।

कुमार को सीबीआई के एक दल ने मुंबई में दिल्ली से विमान से आने के तुरंत बाद गिरफ्तार किया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जिस अन्य व्यक्ति को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है उसका नाम संदीप गोयल है। उसने कथित तौर पर सौदा कराने में सहायता की। राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद बंसल बार-बार संपर्क किए जाने का प्रयास करने के बावजूद मीडिया से बचते रहे।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य शहरों में छापेमारी की। गुप्त अभियान के तहत सीबीआई ने कुमार की गतिविधियों और फोन कॉल पर नजर रखी और रिश्वत के भुगतान के समय सिंगला को दबोच लिया।

सिंगला और मंजूनाथ को शहर में सीबीआई के कार्यालय में लाया गया जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है। कुमार पश्चिम रेलवे में महाप्रबंधक थे और उन्हें हाल में सदस्य रेलवे बोर्ड के तौर पर पदोन्नत किया गया था। यह पद भारत सरकार के सचिव के समतुल्य है।

अधिकारियों ने बताया कि कुमार और सिंगला के अतिरिक्त सीबीआई ने गोयल और मंजूनाथ पर भी भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी के तहत विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 3, 2013, 23:45

comments powered by Disqus