रेल मंत्री बंसल को बर्खास्त किया जाए : भाजपा

रेल मंत्री बंसल को बर्खास्त किया जाए : भाजपा

रेल मंत्री बंसल को बर्खास्त किया जाए : भाजपाज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली/चण्डीगढ़ : रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के भांजे को रेलवे में उंचे स्तर के पद को फिक्स करने के बदले में 90 लाख रूपए रिश्वत लेते सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रेलवे में उंचे पदों की बोली लग रही है। रेल मंत्री को बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा, हम केवल बंसल को मंत्री पद से हटाने की नहीं, बल्कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की धारा 13 के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा मुकदमा चलाने की मांग भी कर रहे हैं। यदि कोई लोक सेवक अपने या किसी अन्य व्यक्ति के फायदे के लिए अपने पद का दुरुपयोग करता है तो उनके खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए और उन्हें दोषी ठहराया जाना चाहिए।

उधर, चण्डीगढ़ में भाजपा नेता सत्यपाल जैन ने भी रेल मंत्री को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड में कोई भी नियुक्ति रेल मंत्री के संज्ञान के बगैर नहीं हो सकती। भाजपा की वैधानिक इकाई के अखिल भारतीय प्रभारी जैन ने कहा कि रिश्वत कांड रेल मंत्री की 'जानकारी एवं सहमति' के बगैर नहीं हो सकता। स्वतंत्र जांच से ही इस मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

सीबीआई की टीम ने बंसल के भांजे विजय सिंगला तथा तीन अन्य को शनिवार को गिरफ्तार किया। उन्हें दिल्ली लाया गया है। उनके खिलाफ शुक्रवार रात को ही मामला दर्ज किया गया था। सीबीआई ने शुक्रवार रात को उनके घरों तथा दफ्तरों पर छापेमारी की थी।

वहीं, बंसल ने नई दिल्ली में एक बयान जारी कर कहा कि उनके 'करीबी रिश्तेदार' को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन उन्होंने दावा किया कि उनका अपने भांजे के व्यवसाय से कोई लेना-देना नहीं है। बंसल ने यह भी कहा कि रिश्तेदार उनके आधिकारिक कार्यो में हस्तक्षेप नहीं करते और न ही निर्णयों को प्रभावित करते हैं।

गौर है कि इस सनसनीखेज मामले में रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के भांजे को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने इसके साथ ही रेलवे बोर्ड के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बंसल के भांजे वी सिंगला को चंडीगढ़ में महेश कुमार के वाहक मंजूनाथ से 90 लाख रूपये नकद स्वीकार करते हुए गिरफ्तार किया गया। कुमार को हाल में ही सदस्य (स्टाफ) के तौर पर पदोन्नत किया गया था और वह सदस्य (इलेक्ट्रिकल) का लुभावना पद पाने का प्रयास कर रहे थे। कुमार को सीबीआई के एक दल ने मुंबई में दिल्ली से विमान से आने के तुरंत बाद गिरफ्तार किया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

First Published: Saturday, May 4, 2013, 12:25

comments powered by Disqus