Last Updated: Friday, July 13, 2012, 16:55
नई दिल्ली: गुवाहाटी में सरे-बाजार लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले को शर्मनाक बताते हुए भाजपा ने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करके उनके विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कहा कि इस शर्मनाक घटना के प्रति असम सरकार की ढीली ढाली प्रतिक्रिया और भी शर्मनाक है। लड़की के साथ बदसलूकी करने वाले कई लोग अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। उन्होंन कहा कि भाजपा दोषियों के विरूद्ध तुरंत कार्रवाई की मांग करती है। इस मामले के अपराधियों को त्वरित मुकद्मे के जरिए जल्द से जल्द सजा दी जाए।
भाजपा नेता ने कहा कि असम ही नहीं, देश भर में कानून व्यवस्था का हाल बदहाल है और हर जगह महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।
पार्टी की महासचिव और पूर्व सांसद किरण माहेश्वरी ने कहा कि असम की राजधानी के सबसे व्यस्त बाजार में एक लड़की के साथ देर तक छेड़छाड़, र्दुव्यवहार और कपड़े फाड़ने की घटना बहुत ही शर्मनाक है। लेकिन इस घटना के तीन दिन तक भी दोषियों के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं होना अत्यंत निंदनीय है।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्मृति ईरानी ने कहा कि गुवाहाटी की घटना से सारा देश शर्मसार है। उन्होंेने कहा कि घटना स्थल पर लोगों का तमाशबीन बने रहना और वारदात की जगह पुलिस के पंहुचने के बावजूद दोषियों को पकड़ा नहीं जाना स्तब्ध करने वाली बाते हैं।
सोमवार रात को गुवाहाटी-शिलांग मार्ग पर एक बार के सामने बदमाशों ने इस लड़की के साथ आधे घंटे से अधिक तक बदसलूकी की थी। इससे जुड़ा वीडियो यूट्यूब पर डाले जाने के बाद देश भर में इस मामले पर काफी तीखी प्रतिक्रिया हुई।
घटना में शामिल चार लोगों का गिरफ्तार किया जा गया है और 12 की पहचान की जा चुकी है। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 13, 2012, 16:55