'लोकपाल बिल को खारिज करे संसद' - Zee News हिंदी

'लोकपाल बिल को खारिज करे संसद'



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

मुंबई : टीम अन्ना ने मंगलवार को संसद से सरकारी लोकपाल विधेयक को खरिज करने की अपील करते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार को खत्म करने की बजाए इसे और बढ़ाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का अनशन शुरू होने के बाद उनके सहयोगी अरविंद केजरीवाल ने मुंबई के एमएमआरडीए मैदान में जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हम संसद से हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हैं कि वह इस बेकार लोकपाल विधेयक को खारिज कर दे और हमारे जन लोकपाल विधेयक को स्वीकार करे।

 

केजरीवाल ने यह भी कहा कि संसद को आगे बढ़कर जल लोकपाल विधेयक को पारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का बिल भ्रष्टाचार को रोकने के लिए नहीं बल्कि भ्रष्ट मंत्रियों की रक्षा के उद्देश्य से बनाया गया है।
भ्रष्टाचार विरोधी इस कार्यकर्ता ने कहा कि सरकार ने अन्ना हजारे को दो बार धोखा दिया। पहली बार अप्रैल में तब और फिर अगस्त में एक मजबूत लोकपाल विधेयक लाने के झूठे वादे करके।

 

उन्‍होंने सवाल किया कि जब हमारी कोई मांग माननी नहीं थी तो सरकार ने संयुक्‍त मसौदा समिति का गठन ही क्‍यों किया। केजरीवाल ने यह भी कहा कि उन्‍होंने किरण बेदी के साथ मिलकर अन्‍ना हजारे से अपील किया कि वे अपने आंदोलन को लेकर आगे बढ़ें, लेकिन अनशन न करें क्‍योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।

 

केजरीवाल ने कहा कि सरकार द्वारा लाया गया लोकपाल विधेयक ए. राजा और सुरेश कलमाडी जैसे भ्रष्ट लोगों की रक्षा करेगा। वह भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार केंद्रीय जांच ब्यूरो को स्वायत्तता नहीं देना चाहती है, क्योंकि वह इसका इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार दिल्ली में अन्ना हजारे के 12 दिनों के अनशन के दौरान सरकार ने निचले स्तर के कर्मचारियों को भी लोकपाल के दायरे में लाने का वादा किया था, लेकिन संसद में रखे गए विधेयक में इसे शामिल नहीं किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि हम एक प्रभावी लोकपाल चाहते हैं। लेकिन सरकार का विधेयक इस मकसद को पूरा नहीं करता है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक सिर्फ भ्रष्टाचारियों की ही रक्षा करेगा। सरकार की ईमानदारी सवालों के घेरे में है।
हम यहां संसद का विरोध करने के लिए जमा नहीं हुए हैं, बल्कि एक प्रभावी लोकपाल की मांग कर रहे हैं। संसद को सरकार ने धोखा दिया है।

First Published: Tuesday, December 27, 2011, 18:44

comments powered by Disqus