Last Updated: Thursday, February 28, 2013, 11:01

नई दिल्ली : वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की पत्नी आशा सिंह का बुधवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कई वर्ष से कैंसर से पीड़ित थीं। वह 58 वर्ष की थीं। उन्होंने वसंत कुंज के एक अस्पताल में शाम सात बजे अंतिम सांस ली, जहां उन्हें कुछ दिन पहले भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के डाक्टरों ने बताया कि आशा को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उनका कैंसर का रोग काफी बढ़ चुका था। एक वरिष्ठ डाक्टर ने बताया कि उन्होंने शाम सात बजे अंतिम सांस ली और उस समय दिग्विजय सिंह सहित उनका पूरा परिवार उनके पास था।
कुछ महीने पहले अमेरिका के एक अस्पताल में भी उनका कैंसर का उपचार हुआ था। उनके परिवार में चार लड़कियां और एक पुत्र हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी आशा देवी सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में आशा देवी को सुसंस्कृत एवं मधुभाषी बताते हुए कहा कि वे प्रियजन एवं प्रजाजन में स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिये जानी जाती थीं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 28, 2013, 09:13