Last Updated: Friday, March 1, 2013, 17:41

नई दिल्ली : राज्यसभा में आज महाराष्ट्र के भंडारा में तीन बहनों के साथ हुए कथित बलात्कार मामले पर चर्चा के दौरान वाम दलों ने सदन से वाकआउट कर उप सभापति पीजे कुरियन का बहिष्कार किया।
शून्यकाल में गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने विपक्ष के नेता अरुण जेटली का फोन अनधिकृत तरीके से टैप किए जाने के मुद्दे पर जवाब दिया। इसके बाद महाराष्ट्र के भंडारा जिले में तीन अवयस्क बहनों से बलात्कार किए जाने के मुद्दे पर चर्चा शुरू हुई। तब आसन पर उप सभापति पीजे कुरियन थे।
कुरियन के सदन की कार्यवाही का संचालन किए जाने पर विरोध जताते हुए माकपा और भाकपा के सदस्यों ने सदन से वाकआउट कर दिया। इससे पहले वाम दलों ने कहा था कि जब तक कुरियन खुद पर लगे आरोपों से बरी नहीं हो जाते तब तक वह उनका बहिष्कार करते रहेंगे।
सूर्यानेल्ली बलात्कार मामले को लेकर कुरियन विवादों में रहे हैं। वाम दल संसद के अंदर और बाहर उनका विरोध कर रहे हैं। खुद कुरियन के गृह राज्य केरल में भी उनका विरोध किया जा रहा है। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 1, 2013, 17:41