Last Updated: Thursday, April 19, 2012, 11:18
नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 के सफल प्रक्षेपण पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों की इस बड़ी उपलब्धि ने देश को विशिष्ट राष्ट्रों की जमात में खड़ा कर दिया है। गडकरी ने इस सफलता के लिए डीआरडीओ के वैज्ञानिकों को बधाई दी और कहा कि उनकी यह कामयाबी देश की सुरक्षा के मामले में एक गौरान्वित मील का पत्थर साबित होगी। इससे भारत अब पूर्ण रूपेण मिसाइल शक्ति बन गया है।
उन्होंने कहा कि पूरी तरह से भारतीय मिसाइल अग्नि-5 ने भारत को विशिष्ट राष्ट्रों की जमात में ला खड़ा किया है। पांच हजार किलोमीटर तक मार करने और परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम अग्नि पांच का प्रक्षेपण आज सुबह आठ बजकर सात मिनट पर ओड़िशा के व्हीलर आइलैंड से एकीकृत परीक्षण रेंज से किया गया। इसे दक्षिणी हिंद महासागर में अपने लक्ष्य तक पहुंचने में 15 मिनट का समय लगा। मिसाइल मिशन के सभी मापदंडों पर खरी उतरी और बड़ी सफलता साबित हुई। खराब मौसम के कारण बीती रात इसके निर्धारित प्रक्षेपण को स्थगित कर दिया गया था।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, April 19, 2012, 16:48