विहिप की 84 कोसी अयोध्या परिक्रमा नाकाम, 2096 लोग गिरफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था यथावत

विहिप की 84 कोसी अयोध्या परिक्रमा नाकाम, 2096 लोग गिरफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था यथावत

विहिप की 84 कोसी अयोध्या परिक्रमा नाकाम, 2096 लोग गिरफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था यथावत लखनऊ : प्रतिबंध के बावजूद विश्व हिन्दू परिषद ने अपनी 84 कोसी अयोध्या परिक्रमा कार्यक्रम को वापस लेने के बजाय जारी रखने का ऐलान किया है, लेकिन विहिप उत्तर प्रदेश शासन की सख्ती के कारण अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सकी। उधर प्रदेश सरकार ने कहा, सुरक्षा व्यवस्था पर सख्ती से अमल जारी रहेगी। सरकार ने कहा कि विहिप के शीर्ष नेताओं अशोक सिंघल और प्रवीण तोगड़िया सहित 2096 लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) राजकुमार विश्वकर्मा ने आज शाम यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, प्रतिबंध के बावजूद विश्व हिन्दू परिषद ने अपने अयोध्या परिक्रमा कार्यक्रम को वापस लेने के बजाय जारी रखने का फैसला किया है जिसके मद्देनजर प्रदेश में की गयी सुरक्षा व्यवस्था यथावत सख्ती से लागू रहेगी और किसी को भी इस कार्यक्रम में भाग लेने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने कहा, विहिप कार्यक्रम पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जा रहा है और अब तक विहिप नेताओं अशोक सिंघल और प्रवीण तोगडिया सहित 2096 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विश्वकर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किये गये लोगों को फिलहाल रिहा करने के बजाय 14 दिन की न्यायिक हिरासत में विभिन्न जेलों में ही रखा जायेगा।

उन्होंने कहा, चूंकि विहिप का कार्यक्रम 13 सितम्बर तक जारी रहने वाला है इसलिए गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया जा सकता। साथ ही एहतियात के तौर पर विहिप कार्यक्रम में जाने वालों को हिरासत में लिए जाने और जरूरी होने पर गिरफ्तार करने की कार्यवाही चलती रहेगी।

विश्वकर्मा ने बताया कि विहिप के कार्यक्रम के मद्देनजर लागू सुरक्षा व्यवस्था यथावत जारी रहेगी जिसके तहत राज्य पुलिस और पीएसी के अलावा आरएएफ की 11 और सीआरपीएफ की 12 कंपनियों की तैनाती की गयी है। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद द्वारा उनके कार्यक्रम पर लगे प्रतिबंध के विरोध में कल होने वाले विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधीक्षकों को चौकस रहने और किसी भी कीमत पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

विहिप के प्रतिबंधित कार्यक्रम में जाने से रोकने के लिए अब तक जिन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है उनमें सिंघल और तोगड़िया के अलावा रामजन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास पूर्व सांसद रामविलास वेदांती भाजपा के दो मौजूदा विधायक रामचन्द्र यादव एवं सावित्री बाई फुले अयोध्या के पूर्व विधायक लल्लू सिंह विहिप के प्रांतीय संयोजक आचार्य कुशुमुनी वाराणसी में विहिप पदाधिकारी महंत संतोष दास और प्रमुख विहिप नेता महंत रामशरण दास शामिल हैं।

उक्त के अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा विहिप की परिक्रमा कार्यक्रम के संयोजक स्वामी चिन्मयानंद तथा अमेठी में सगरा आश्रम के पीठाधीश्वर अभय चैतन्य मौनी महाराज सहित बहुत से लोगों को नजरबंद रखा गया है। विहिप के कार्यक्रम के सिलसिले में गिरफ्तार किये जाने वाले लोगों को रखने के लिए फैजाबाद में 10 बाराबंकी में 12 बहराइच में 16 बस्ती में 2 गोण्डा में 3 और अम्बेडकरनगर जिले में 5 अस्थाई जेलें बनायी गयी हैं। ये वे जिले हैं जहां से विहिप की परिक्रमा गुजरने वाली है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, August 25, 2013, 23:53

comments powered by Disqus