Last Updated: Wednesday, February 20, 2013, 17:03

नई दिल्ली : केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे की भगवा आतंक को लेकर की गयी टिप्पणी ने विरोध में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने आज यहां प्रदर्शन किया और कहा कि यह टिप्पणी वोट बैंक की राजनीति के लिए देश को बांटने की साजिश का हिस्सा है।
बजट सत्र से पहले शिन्दे पर हमला तेज करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इस तरह का भडकाउ बयान देने के पीछे शिन्दे के इरादे पर सवाल उठाया। उन्होंने संसद मार्ग पर प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गृह मंत्री की यह टिप्पणी वोट बैंक की राजनीति के लिए देश को बांटने की साजिश है।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने कहा कि कांग्रेस गृह मंत्री की ओर से इस तरह की टिप्पणियां कराकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर रही है। शिन्दे धर्म के आधार पर देश को बांटना चाहते हैं। वह धर्म विशेष का वोट बैंक चाहते हैं।
जेटली ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी पर सवाल करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे गृह मंत्री को पद पर कैसे बने रहने दिया जो पाकिस्तान को यह कहने की वजह दे रहा है कि भारत आतंकी शिविर चला रहा है। उन्होंने कहा कि शिन्दे अपनी टिप्पणियों के लिए जब तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, भाजपा उन्हें राजनीति नहीं करने देगी।
जेटली और राजनाथ ने संप्रग को ललकारते हुए कहा कि हिम्मत है तो भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाकर दिखायें। इस देश में किसी ने भाजपा और संघ पर इस तरह की टिप्पणी करने की हिम्मत नहीं की। यदि शिन्दे के आरोप में दम है तो केन्द्र हम पर प्रतिबंध लगाये। उन्होंने कहा कि शिन्दे ने पाकिस्तान को यह कहने का मौका दिया है कि भारत में आतंकी शिविर चल रहे हैं। यह आरोप भारत पाकिस्तान पर लगाता आया है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों के लिए हो रहा है।
जेटली ने कहा कि शिन्दे की टिप्पणी से भारत को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार कठिन आर्थिक हालात के दौरान विपक्ष से सहयोग मांगती है लेकिन सहयोग लेना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिस पर आतंकी शिविर चलाने का आरोप लगा रहे हैं, उनसे सहयोग की अपेक्षा कैसे कर सकते हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 20, 2013, 17:03