Last Updated: Monday, January 21, 2013, 17:39

लखनऊ : कांग्रेसनीत केंद्र सरकार को आतंकवाद के नाम पर सियासत करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हिंदू आतंकवाद फैलाने की बात कहकर देश के हिंदू समाज का अपमान किया है। लखनऊ के झूलेलाल पार्क में अटल शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि कांग्रेस नेता और गृह मंत्री शिंदे ने हिंदू समाज का अपमान किया है। भगवा हिंदुस्तान की आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और खुद शिंदे हिंदू समाज से माफी मांगें। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 24 जनवरी को भाजपा पूरे देश में सड़कों पर उतरेगी। देशभर में प्रदर्शन होंगे, रैलियां निकाली जाएंगी, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता कहेंगे कि हिंदू, भगवा का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।
गडकरी ने कांग्रेसनीत केंद्र सरकार पर आतंकवादियों के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुंबई हमले के आरोपी पाकिस्तानी आतंकवादी आमिर अजमल कसाब को फांसी देने में केंद्र सरकार द्वारा देरी की गई। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा संसद हमले के आरोपी अफजल गुरु को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद उसे फांसी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सीमा में घुसकर दो जवानों की बेरहमी से हत्या कर दी लेकिन प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ाई से बोलने की ताकत नहीं दिखाई।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने आने के बाद देश मे गरीबी भुखमरी, महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा और देश पीछे चला गया। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर 2014 में केंद्र की सत्ता में आई तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के कार्यकाल के दौरान का सुशासन फिर से वापस लाया जाएगा।
राज्य की समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए गडकरी ने कहा कि हमें बताया गया कि जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए मथुरा के हेमराज के घर जाने में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संकोच कर रहे थे। क्योंकि वह सोच रहे थे कि उनके हेमराज क घर जाने से अल्पसंख्यकों के बीच क्या संदेश जाएगा।
रैली के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती सहित राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ कल्याण सिंह मौजूद थे। रैली के दौरान कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह ने अपनी पार्टी-जनक्रांति पार्टी(राष्ट्रवादी) का भाजपा में विलय का ऐलान किया। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 21, 2013, 17:39