Last Updated: Friday, February 3, 2012, 09:14

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बलबीर पुंज ने शुक्रवार को कहा कि दूसरे कार्यकाल में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का प्रशासनिक ढांचा ध्वस्त हो गया है।
सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह की वैधानिक शिकायत खारिज करने के सरकार के निर्णय पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा खड़े किए गए सवाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुंज ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से इस पर सफाई मांगी। जनरल सिंह ने अपनी जन्मतिथि में सुधार के लिए सरकार से आग्रह किया था।
पुंज ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इससे जाहिर होता है कि संप्रग-2 का प्रशासनिक ढाचा ध्वस्त हो गया है। पुंज ने कहा कि जिस भारतीय सेना पर सभी भारतीय गर्व करते हैं, वह पूरी तरह गैरराजनीतिक रही है और एक आदर्श, पेशेवर सेना के रूप में जानी जाती है। सरकार इस विवाद को अपने स्तर पर सुलझा पाने में अक्षम साबित हुई। लिहाजा यह मुद्दा अब सर्वोच्च न्यायालय में पहुंचा है और न्यायालय ने भी अब सरकार के दावे पर सवाल खड़े किए हैं। पुंज ने आगे कहा कि लेकिन यह सरकार इतनी निर्लज्ज है कि वह इससे भी शर्मसार नहीं होगी। प्रधानमंत्री को राष्ट्र को बताना चाहिए कि यह विवाद इस स्तर पर क्यों पहुंचा।
गौर हो कि अपनी याचिका में जनरल सिंह ने कहा था कि उनकी जन्मतिथि 10 मई, 1950 के बदले 10 मई, 1951 कर दी जाए। सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को कहा कि सेना प्रमुख से जुड़ा पूरा मामला हास्यास्पद है। न्यायमूर्ति आरएम लोढ़ा की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र सरकार से यह भी पूछा कि क्या वह जनरल सिंह की वैधानिक शिकायत को खारिज करने वाले 30 दिसंबर, 2011 के अपने आदेश को वापस लेना चाहती है। न्यायालय इस मामले की अगली सुनवाई 10 फरवरी को करेगा।
(एजेंसी)
First Published: Friday, February 3, 2012, 16:46