Last Updated: Friday, April 20, 2012, 09:37
ज़ी न्यूज ब्यूरो गुड़गांव : सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे और बाबा रामदेव शुक्रवार को साथ-साथ एक मंच पर आए। यहां आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अन्ना और रामदेव ने भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ देश भर में सघन अभियान चलाने की घोषणा की। साथ ही सख्त लोकपाल लाने के मद्देनजर आंदोलन करने पर जोर दिया।
बाबा रामदेव ने मीडिया से कहा कि हमारा कोई भी गुप्त एजेंडा नहीं है। लगातार हो रहे घोटालों से देश का आर्थिक विकास रुक गया है। विदेशों में खरबों रुपया कालेधन के तौर पर जमा है और इसे देश में वापस लाना जरूरी है। तभी समग्र विकास हो पाएगा। कौशिक बसु ने घोटालों से विकास के अवरुद्ध होने की जो बात कही वो बिल्कुल सही है। आज हर जगह भ्रष्टाचार अपना जड़ जमा चुकी है।
रामदेव ने कहा केवल कोयला घोटाला दस लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का है। इसके अलावा अन्य कई घोटाले हैं। इसका दुष्परिणाम यह हुआ कि देश की अर्थव्यवस्था की हालत आज खराब हो चुकी है। देश का विकास रुक गया है। अब केजरीवाल मंत्रियों के घोटाले की फाइल बना रहे हैं। मौजूदा हालात में काला धन वापस लाना जरूरी हो गया है। उन्होंने गलत काम करने वाले बाबाओं का बहिष्कार करने का भी आह्वान किया।
रामदेव ने कहा कि जनलोकपाल पर आंदोलन जारी रहेगा। एक मई से छत्तीसगढ़ से आंदोलन शुरू करूंगा। उसी समय शिरडी से अन्ना आंदोलन करेंगे। अगस्त में आर-पार की लड़ाई होगी। वहीं तीन जून को अन्ना के साथ सांकेतिक अनशन होगा।
इसके बाद, अन्ना हजारे ने कहा कि आजादी के बाद आज तक भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगा है। विकास का पैसा गांवो तक नहीं पहुंच रहा है। भ्रष्टाचार के कारण विकास की गति रुक गई है। विकास की राह पर गांवों पर घ्यान नहीं दिया गया। विदेशों में जमा काला धन वापस आने से विकास को गति मिलेगी। यह काला धन तो जनता का है और कालेधन के कारण ही महंगाई बढ़ी है। इसलिए इसे वापस लाना जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि वे एक मई से महाराष्ट्र के 35 जिलों में आंदोलन चलाएंगे। इसके बाद देश भर में आंदोलन चलाएंगे। अन्ना ने इस बात पर जोर देकर कहा कि हम सरकार को गिराने के लिए आंदोलन नहीं चला रहे और न ही चलाएंगे। एक मई से जून के पहले हफ्ते तक आंदोलन चलाएंगे। डेढ़ साल तक लोगों को जागृत करूंगा। इस बीच यदि सरकार गिर जाए तो उसकी परवाह नहीं है। सवाल आखिर देश की जनता का है। उन्होंने कहा कि केंद्र में लोकपाल और राज्यों में लोकायुक्त जरूरी है। जून में बाबा रामदेव के साथ कई जगहों पर आंदोलन होगा। जून से ही देश भर में हम दौरा करेंगे और जनता को देश के मौजूदा हालात से अवगत करवाएंगे। चूंकि 2014 तक देश का जगाना है।
First Published: Saturday, April 21, 2012, 09:37