सड़क पर उतरे बिना व्यवस्था परिवर्तन नहीं: वीके सिंह

सड़क पर उतरे बिना व्यवस्था परिवर्तन नहीं: वीके सिंह

सड़क पर उतरे बिना व्यवस्था परिवर्तन नहीं: वीके सिंहरांची : पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी के सिंह ने देश में व्यवस्था परिवर्तन के लिये आम लोगों का आगे आने का आह्वान करते हुये आज कहा कि जब तक आम आदमी सड़क पर नहीं उतरेगा आंदोलन सफल नहीं होगे। जनरल सिंह ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज देश की तकदीर बदलने के लिये व्यवस्था परिवर्तन की आवश्यकता है और इसके लिये आम लोगों को सड़क पर उतरना होगा।

यह पूछे जाने पर कि आखिर अन्ना ओर रामदेव के आंदोलनों से व्यवस्था परिवर्तन क्यों नहीं हो सकी और क्या ये आंदोलन विफल नहीं हो गये, सिंह ने कहा, अन्ना हजारे और रामदेव के आंदोलन विफल नहीं हुये हैं। इन आंदोलनों से देश में व्यवस्था परिवर्तन की बात लोगों के मन में आयी है लेकिन इन्हें पूरी तरह सफल करने के लिये आम लोगों को सड़क पर उतरना होगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अन्ना और अरविंद केजरीवाल में कोई मतभेद नहीं हैं और दोनों का उद्देश्य एक ही है सिर्फ उनके रास्ते अलग-अलग हो गये हैं।

यह पूछने पर कि देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अथवा व्यवस्था परिवर्तन के सभी आंदोलन क्यों विफल हो जाते हैं, सिंह ने जोर देकर कहा, 1974 का जेपी आंदोलन और 1989 का वीपी सिंह का आंदोलन सफल था। बाद में उनमें कुछ भटकाव आ गया था। सिंह ने कहा, देश की तकदीर बदलने के लिये हमें तंत्र बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने पर हलचल होना लाजमी है लेकिन उस समस्या का निदान आम जनता के हाथों में है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की इस लड़ाई में मीडिया की अहम भूमिका है और उसे आम लोगों की बदहाली और लाचारी देश के सामने उजागर करना चाहिये।

अन्ना के आंदोलन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, अन्ना को शायद अपने आंदोलन को फिर से गठित करने की आवश्यकता है जिसके लिये ही हाल में उनकी बाबा रामदेव से दिल्ली में मुलाकात हुई थी। दोनों मिलकर देश के लिये कोई खाका बना रहे है। उन्होंने देश के संविधान और कानूनों में भी बदलाव की बात की। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 7, 2012, 08:59

comments powered by Disqus