Last Updated: Thursday, June 27, 2013, 16:40

नई दिल्ली : भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने कहा कि रूपया गिरे या भ्रष्टाचार बढ़े, आर्थिक संकट पैदा हो या प्राकृतिक आपदा आए, सबकी चपेट में सबसे पहले और सबसे अधिक महिलाएं ही आती हैं।
लोकसभा में विपक्ष की नेता ने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को सही तथ्य और मजबूत तर्क को अपना हथियार बनाने की नसीहत देते हुए यहां कहा कि किसी भी राजनीतिक कार्यकर्ता के दो बड़े हथियार होते हैं--सही तथ्य और सशक्त तर्क।
पार्टी के महिला मोर्चा की ओर से शुरू की गई हमारी बहनें नामक मासिक पत्रिका के यहां आयोजित लोकार्पण समारोह में उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ी घटना घटती है, चाहे रूपए का गिरना हो या भ्रष्टाचार का बढ़ना, राष्ट्रीय प्रतिद्वंद्विता हो या उत्तराखंड की बाढ़, इस सब बातों से सबसे अधिक महिलाएं ही प्रभावित होती हैं।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि यही नहीं कि राष्ट्रीय नीतियां हो या विदेश नीतियां इनसे भी इस या उस तरीके से महिलाएं ही प्रभावित होती हैं। महिला मोर्चा की ओर से पत्रिका निकाले जाने की सराहना करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारे विचारों को जनता तक ले जाने और विरोधी विचारों को पराजित करने के लिए तथा अपने समर्थन का विस्तार करने के लिए भी, आपको अपने विषय पर पूरी पकड़ होने की जरूरत है। हमारी पार्टी की बहनों को देश भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं और उनके बारे में पार्टी के विचारों की जानकारी होनी चाहिए।
पत्रिका के लिए महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज पांडे को बधाई देते हुए उन्होंने इसके शीषर्क को सराहते हुए कहा इसमें स्वयं में एक संदेश है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 27, 2013, 16:40