Last Updated: Friday, May 3, 2013, 12:37

नई दिल्ली: कांग्रेस ने शुक्रवार को सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में रहने के दौरान सरबजीत सिह की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कौनसे कदम उठाए गए। कांग्रेस ने कहा कि अब सरकार का ध्यान पाकिस्तानी जेलों में कैद अन्य भारतीयों पर होना चाहिए। भाजपा ने पाकिस्तानी जेल में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने तक उसके साथ कूटनीतिक सम्बंध खत्म कर दिए जाने की मांग करते हुए सरबजीत की मौत के मसले पर गुरुवार को सरकार को घेरा था।
भाजपा नेताओं ने सरकार पर सरबजीत को बचाने के लिए उचित कदम न उठाए जाने का आरोप लगाया था। लाहौर जेल में हमले में घायल हुए सरबजीत की बुधवार देर रात मौत हो गई थी।
कांग्रेसी नेता मनीष तिवारी ने शुक्रवार को पूछा, "जब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी लाहौर गए थे क्या सरबजीत की रिहाई उनका एजेंडा था? जब पाकिस्तान के तत्कालिन राष्ट्रपति परवेज मुर्शरफ आगरा दौरे पर आए थे, क्या तब सरबजीत की रिहाई एजेंडा था? जब संयुक्त वार्ता शुरू हुई क्या तब सरबजीत की रिहाई उनका एजेंडा था?"
उन्होंने कहा, "इसलिए इन बातों पर मत जाइए। बड़ा मसला यह है कि भारतीय कैदी की जघन्य हत्या हुई है। हमें पाकिस्तान के ऊपर दबाव बनाने की कोशिश करनी चाहिए, उनसे बात करें तथा पाकिस्तानी जेल में भारतीय कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जानी चाहिए।"
पाकिस्तान में आतंकवादी हमले में अभियुक्त बनाए गए सरबजीत को 1990 में मृत्युदंड की सजा सुनाई गई थी तथा मौत से पहले एक सप्ताह तक वह अस्पताल में बेहोशी की हालत में थे। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 3, 2013, 12:37