सवा लाख हज यात्रियों को सरकारी सब्सिडी

सवा लाख हज यात्रियों को सरकारी सब्सिडी

नई दिल्ली : हज के लिए जाने वाले करीब सवा लाख लोग इस साल सरकार की सब्सिडी योजना के दायरे में आएंगे। इसके साथ ही सरकार ने विमानन कंपनियों के किराए के संदर्भ में नीलामी की प्रक्रिया को प्रतिस्पर्धी बनाने का फैसला किया है।

इस बार किराए के तौर पर एक हज यात्री को करीब 20 हजार रुपये अदा करने होंगे जो पिछले साल के मुकाबले चार हजार रुपये अधिक है। इस बार 21 स्थानों से हज के लिए उड़ानें संचालित होंगी। पटना की जगह इस बार बिहार में गया से लोग हज के सफर पर रवाना होंगे। यह फैसला तकनीकी परेशानियों के कारण किया गया है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल की कल हुई बैठक में हज के संदर्भ में कुछ प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। हज के लिए उड़ानों का सिलसिला 17 सितंबर से आरंभ होगा। अधिकारियों के मुताबिक इस बार सब्सिडी के दायरे में आने वाले हर हज यात्री को 20 हजार रुपये बतौर किराया अदा करना होगा। पिछले साल यह राशि 16 हजार रुपये की थी।

इस साल भारत से 170,000 से अधिक लोग हज के लिए जाएंगे। इनमें से करीब सवा लाख भारतीय हज समिति की ओर से जाएंगे। इस सवा लाख में 11 हजार का कोटा सरकार के पास होता है। शेष हज यात्री निजी आपरेटरों के जरिए जाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 20, 2012, 14:41

comments powered by Disqus