सांची में बौद्ध विवि के समारोह में शिरकत करेंगे राजपक्षे

सांची में बौद्ध विवि के समारोह में शिरकत करेंगे राजपक्षे

सांची में बौद्ध विवि के समारोह में शिरकत करेंगे राजपक्षे ज़ी न्यूज ब्यूरो

भोपाल : श्रीलंका के राष्ट्रपति महिन्द्रा राजपक्षे शुक्रवार को मध्यप्रदेश की यात्रा पर रहेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि राजपक्षे शुक्रवार सुबह 10 बजे दिल्ली से भोपाल पहुंचेंगे और सांची में एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। राज्यपाल रामनरेश यादव और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विमान तल पर उनकी अगवानी करेंगे। आदिवासी नर्तक उनका पारंपरिक स्वागत करेंगे। उधर, एमडीएमके महासचिव वाइको ने भोपाल के निकट सांची में श्रीलंकाई राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे को आमंत्रित करने के लिए केंद्र के साथ-साथ भाजपा नीत मध्य प्रदेश सरकार की कड़ी आलोचना की।

श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे सुबह 10.45 बजे सांची पहुंचेंगे। स्थानीय सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज तथा राज्य की संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा वहां उनकी अगवानी करेंगे। राष्ट्रपति 11 बजे पवित्र अवशेषों तथा सांची स्तूप का अवलोकन करेंगे। राजपक्षे दोपहर 12 बजे सांची बौद्ध विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे। राजपक्षे दोपहर 12.30 बजे आमसभा में हिस्सा लेंगे। राजपक्षे अपरान्ह 3.35 बजे महाबोधि सोसायटी आफ श्रीलंका सेंटर जाएंगे। वह अपराह्न 4.40 बजे राजा भोज विमानतल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

प्रदेश के संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने इस बारे में बताया कि विश्वविद्यालय में बौद्ध-दर्शन, सनातन-धर्म और भारतीय ज्ञान-अध्ययन, अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध-अध्ययन, तुलनात्मक धर्मो और भाषा, साहित्य एवं कला संकाय होगा। इस विश्वविद्यालय के भवन एवं परिसर के लिए सांची में लगभग 100 एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। भवन के निर्माण पर 200 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।

शर्मा ने कहा कि अपने तरह के पहले एवं अनूठे सांची बौद्ध एवं भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय का भूमि-पूजन सांची में 21 सितंबर को होगा। भूमि-पूजन एवं शिलान्यास समारोह श्रीलंका के राष्ट्रपति महिन्द्रा राजपक्षे, भूटान के प्रधानमंत्री जिग्मे योजेर थिनले, प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, प्रकाश अम्बेडकर, और वेन वानगल उपतिस्स नायक थेरो की उपस्थिति में संपन्न होगा।

First Published: Friday, September 21, 2012, 09:31

comments powered by Disqus