Last Updated: Tuesday, August 13, 2013, 22:43

नई दिल्ली : भारत ने पाकिस्तान से मंगलवार को कहा कि वह संघर्ष विराम उल्लंघन रोके। साथ ही कहा कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता से पहले ‘स्थितियां स्पष्ट हों। विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि पाकिस्तान के हाल की कार्रवाइयों से निराशा का भाव है।
उन्होंने यहां कहा कि आज के वातावरण में कोई प्रतिक्रिया देना संभव नहीं है। यह निराशा का भाव है। सीमा पर हमारे जवान मारे गए, हम अब भी दुख और सदमे में हैं। खुर्शीद ने कहा कि आज प्राथमिकता है कि संघर्ष विराम उल्लंघन रुके। उन्होंने कहा कि हम कई चीजों पर प्रतिक्रिया दें उससे पहले स्थितियां स्पष्ट होनी चाहिए जो आधी अधूरी हैं और पाइपालन में हैं।
पाकिस्तान के साथ वार्ता करने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि आज प्राथमिकता है कि पहले संघर्ष विराम रुके। महत्वपूर्ण बात यह है कि नियंत्रण रेखा और सीमा पर शांति एवं धर्य का माहौल हो। यही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हम इन मुद्दों का समाधान निकालें उससे पहले दूसरी तरफ, पाकिस्तान की तरफ से कुछ कदम उठाने की जरूरत है।
पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी एवं संघर्ष विराम उल्लंघन के कारण सीमा पर तनाव बढ़ गया है। करीब एक हफ्ते पहले पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पांच भारतीय सैनिकों की हत्या के बाद यह तनाव और बढ़ गया। सीयूटीएस के 30वें वाषिर्क व्याख्यान में ‘इंडियाज इकोनॉमिक इंटीग्रेशन विद एशिया’ विषय पर खुर्शीद ने कहा कि भारत को चीन के साथ संज्ञानात्मक एवं समझौतापरक वार्तालाप की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वार्ता मजबूती, प्रभावी, विश्वास के साथ होनी चाहिए न कि दबी जुबान से। वार्तालाप घरेलू जरूरतों के साथ समय..समय पर समझौतापरक होनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि भारत और चीन एक दिन साथ मिलकर काम करेंगे लेकिन आज नहीं क्योंकि यह काफी जल्दबाजी होगी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 13, 2013, 22:43