सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है कांग्रेस: राजनाथ

सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है कांग्रेस: राजनाथ

सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है कांग्रेस: राजनाथ राजसमंद (राजस्थान) : भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस पर सत्ता में बने रहने के लिए सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार के दिन गिने-चुने हैं। सिंह ने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार एक कमजोर सरकार है और किसी भी समय गिर सकती है। यह अल्पमत में है लेकिन सीबीआई के दुरुपयोग के कारण सत्ता में बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार निश्चित तौर पर जानी चाहिए क्योंकि यह स्वस्थ लोकतंत्र के हित में काम नहीं कर रही है। सिंह ने ये बातें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वसुंधरा राजे की ‘सुराज संकल्प यात्रा’ की शुरूआत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार सीबीआई के सेवानिवृत्त निदेशक को राज्यपाल बना रही है और पूर्व एनआईए अधिकारी को एनएचआरसी का सदस्य बनाने का प्रस्ताव दे रही है।

सिंह ने कहा कि जैसे राम ने रावण का वध किया, उसी तरह भ्रष्टाचार कांग्रेस का खात्मा करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है और उसके पास नेतृत्व नहीं है। पार्टी केंद्र और राजस्थान दोनों जगह सत्ता में नहीं लौटेगी। सिंह ने बढ़ती मुद्रास्फीति के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह संप्रग सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और गलत नियोजन की वजह से हो रहा है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार भ्रष्टाचार से लड़ी थी और परमाणु परीक्षण करके देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया था।

सिंह ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने राज्यों समेत सर्वश्रेष्ठ सरकारें दी हैं। इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण एजेंसियों ने स्वीकार किया है। राजस्थान में इस साल के उत्तरार्ध में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजे को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश करने के बारे में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह खुला तथ्य है कि उनका पांच साल का कार्यकाल कांग्रेस सरकार की तुलना में शानदार था। उन्होंने सभा के बाद ‘सुराज संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई। जब सिंह ने भाषण देना शुरू किया तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। (एजेंसी)

First Published: Thursday, April 4, 2013, 20:23

comments powered by Disqus