Last Updated: Wednesday, August 21, 2013, 10:44
ज़ी मीडिया ब्यूरो/संजीव कुमार दुबे नई दिल्ली: लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी क्षेत्र में भारत के सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान की पहली बार लैंडिंग इस वक्त सुर्खियों में है। सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान कई खूबियों से भरपूर है। इसकी सबसे बड़ी खूबी है कि यह खराब मौसम में उड़ान भरने के साथ लैंडिंग कर सकता है।
सामरिक दृष्टि से सी-130 जे सुपर हरक्यूलिस विमान का खास महत्व है। इसे लैंड करने के लिए ज्यादा रनवे की जरूरत नहीं होती है और ये खराब से खराब मौसम में भी उड़ान भरने और लैंडिंग करने में सक्षम है। विमान 20 टन तक सामरिक का सामान उठा सकता है। इस विमान में करीब 80 सैनिक हथियारों के साथ उड़ सकते हैं। वायुसेना का यह सबसे बड़ा विमान है। उत्तराखंड आपदा के समय भी इस विमान ने बड़ी भूमिका निभाई थी।
हरक्यूलिस की मौजूदगी से वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास अब पहले से बड़ी तादाद में सैनिकों को लाया-ले जाया सकेगा और पहले से अधिक रसद की आपूर्ति संभव हो सकेगी। इस उपलब्धि से सशस्त्र बल बड़े विमानों को सैनिकों को लाने-ले जाने, रसद पहुंचाने और संचार नेटवर्क सुधारने में इस्तेमाल कर सकते हैं। यह कदम लद्दाख में तैनात सैनिकों का मनोबल बढ़ाने में भी काफी मददगार साबित हो सकता है।
First Published: Wednesday, August 21, 2013, 09:53