सुभाष चंद्रा को मिला अंतरराष्‍ट्रीय एम्मी अवार्ड - Zee News हिंदी

सुभाष चंद्रा को मिला अंतरराष्‍ट्रीय एम्मी अवार्ड



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

मुंबई : ज़ी समूह और भारत के प्रथम हिंदी सैटेलाइट चैनल के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री सुभाष चंद्रा को 2011 के इंटरनेशनल एम्‍मी डायरेक्टरेट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। भारतीय टेलीविजन उद्योग में सहयोग के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया।

 

भारतीय मूल की अमेरिकी अदाकारा आर्ची पंजाबी और सिटीग्रुप के अध्यक्ष रिचर्ड पार्सन्ज ने सोमवार रात चंद्रा को इस पुरस्कार से सम्मानित किया। सुभाष चंद्रा भारत के पहले व्यक्ति हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय डायरेक्‍टरेट एम्मी अवॉर्ड सम्मानित किया गया। यह अवार्ड इन्हें 21 नवंबर को न्यूयॉर्क सिटी के हिल्टन न्यूयॉर्क में 39वें अंतरराष्ट्रीय एम्मी अवार्ड समारोह में दिया गया।

 

अवार्ड ग्रहण करने के बाद श्री सुभाष चंद्रा ने कहा कि भारत आज विश्व के आकर्षण का केंद्र है और यह बड़े सौभाग्य की बात है कि पहले भारतीय को इस अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह मेरे लिए, ज़ी ग्रुप, भारतीय मीडिया एवं एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री के लिए खासा मायने रखता है। ज़ी ग्रुप के चेयरमैन ने यह भी कहा कि तकनीकी और रिटेल के क्षेत्र में भारत की तरफ से कई प्रतिनिधित्व आए, जिससे भारतीय मीडिया इंडस्‍ट्री वैश्विक नक्‍शे पर आ गया। मीडिया और कंटेंट के तौर पर भी भारतीय गरिमा को एक ऊंचाई मिली है।

 

इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ टेलीविजन आर्ट्स एंड साइंसेज के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रुस पैसनर ने कहा कि भारत में पहली बार निजी टेलीविजन चैनल की स्थापना कर भारतीय टेलीविजन उद्योग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले सुभाष चंद्रा एक दूरद्रष्‍टा हैं और उन्‍होंने अपनी राह व मुकाम खुद बनाई।

 

उन्हें 2011 का इंटरनेशनल एम्‍मी डायरेक्टरेट पुरस्कार देकर हमें खुशी हो रही है। हम उन्हें साल 2012 में ज़ी इंटरटेंमेंट इंडस्ट्री की स्थापना के 20 साल पूरा करने के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

First Published: Wednesday, November 23, 2011, 18:43

comments powered by Disqus