Last Updated: Wednesday, January 4, 2012, 12:32
नई दिल्ली : सेनाध्यक्ष वीके सिंह आयु विवाद की पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रक्षा मंत्री एके एंटनी ने बुधवार को यहां आधे घंटे तक बैठक की। प्रधानमंत्री और एंटनी ने सुरक्षा पर कैबिनेट समिति की बैठक समाप्त होने के बाद चर्चा की जिससे उन अटकलों को हवा मिली कि इस दौरान सेनाध्यक्ष की आयु और उनकी सेवानिवृत्ति मुद्दे पर चर्चा हुई। यह बैठक 30 मिनट तक चली।
कैबिनेट समिति की बैठक समाप्त होने के बाद गृह मंत्री पी. चिदंबरम सबसे पहले निकले। उसके कुछ देर बाद वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी निकले। प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री अलग से बैठक के लिए रुक गए। मीडिया की खबरों में दावा किया गया है कि सेना प्रमुख ने चेतावनी दी है कि यदि रक्षा मंत्रालय ने जन्मतिथि 10 मई 1951 होने के दावे की बजाय उनकी जन्मतिथि 10 मई 1950 मानी तो वह अदालत जाएंगे।
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि आयु गतिरोध सुलझ गया है और सेनाध्यक्ष इस वर्ष मई महीने में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके साथ ही जनरल वीके सिंह के उत्तराधिकारी चुनने का कार्य शुरू हो चुका है। इसकी दौड़ में लेफ्टिनेंट जनरल विक्रम सिंह सबसे आगे हैं।
सैन्य सूत्रों के अनुसार सुरक्षा पर कैबिनेट समिति ने फ्रांसीसी कंपनी एमबीडीए से हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी। इन मिसाइलों को लड़ाकू विमान मिराज 2000 में लगाया जाएगा।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 4, 2012, 19:02