Last Updated: Friday, December 9, 2011, 03:06
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को 66 वर्ष की हो गईं। पार्टी सूत्रों की मानें तो उनका जन्मदिन सादे ढंग से मनाए जाने की योजना है।
गौरतलब है कि एक अघोषित बीमारी के इलाज के दौरान सोनिया की विदेश में सर्जरी हुई थी। सम्भावना है कि अपने जन्मदिन पर वह कुछ ही लोगों से मिलेंगी।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि सम्भावना है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सोनिया के आवास 10, जनपथ पर जाकर उन्हें बधाई देंगे।
सोनिया 125 साल पुरानी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष के तौर पर सबसे लम्बे अरसे से कार्यभार सम्भाले हुई हैं। राजनीति में सक्रिय होने के बाद पहली बार वह वर्ष 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष चुनी गई थीं।
उनका जन्म नौ दिसम्बर 1946 को इटली के लुसियाना प्रांत के एक गांव वेनेटो में हुआ था। उनका विवाह 1968 में राजीव गांधी (पूर्व प्रधानमंत्री) के साथ हुआ था। उस समय राजीव कैब्रिज विश्वविद्यालयके छात्र थे।
सोनिया 1968 में भारत आईं और 1983 में भारतीय नागरिक बनीं। उनके नेतृत्व में छह साल के अंतराल के बाद 2004 में कांग्रेस सत्ता में आई। उन्होंने प्रधानमंत्री पद का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया था और इसके बजाय वह सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन यानी यूपीए की अध्यक्ष बनीं। वह राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष भी हैं।
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 9, 2011, 08:36