स्वतंत्रता दिवस पर 864 पुलिस अधिकारी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस पर 864 पुलिस अधिकारी सम्मानित

नई दिल्ली : 67वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को 864 पुलिस अधिकारियों और अर्धसैनिक कर्मियों को सेवा पदक प्रदान किये गए। पराक्रम के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक छह पुलिसकर्मियों को जबकि वीरता के लिए 132 कर्मियों को पुरस्कृत किया गया।

अन्य श्रेणियों में उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक 87 पुलिसकर्मियों को जबकि असाधारण सेवाओं के लिए 639 कर्मियों को पुलिस पदक प्रदान किए गए। देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल शौर्य पदक प्राप्त करने के मामले में सबसे शीर्ष पर रहा। सीआरपीएफ के 34 कर्मियों को पदक मिले। सीआरपीएफ के अधिकतर कर्मियों को पदक नक्सल विरोधी अभियानों के लिए मिले।

सीआरपीएफ के उप कमांडेंट प्रकाश रंजन मिश्र को नक्सल विरोधी अभियान में चार बार गोलियां लगीं। उन्हें पांचवीं बार शौर्य पदक प्रदान किया गया जो कि किसी अर्धसैनिक कर्मी के लिए सबसे अधिक बार है। जम्मू कश्मीर के चार पुलिसकर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक प्रदान किया गया। इनमें से दो कर्मियों को यह पदक मरणोपरांत प्रदान किया गया। यह पदक महाराष्ट्र के शीर्ष पुलिसकर्मी एवं डीसीपी विश्वास नागरे पाटिल को भी दिया जो कि वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान ताज महल होटल में सबसे पहले प्रवेश करने वालों में शामिल थे। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, August 14, 2013, 23:04

comments powered by Disqus