Last Updated: Tuesday, April 9, 2013, 22:05

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भाजपा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को गिराने पक्ष में नहीं है, यह खुद अपने अंतर्विरोधों से गिर जाएगी।
राजनाथ सिंह ने एक टीवी न्यूज चैनल से कहा कि भाजपा स्थिर सरकार को अस्थिर नहीं करना चाहती। यदि यह अपने अंतर्विरोधों से गिरती है, तो इसके लिए भाजपा उत्तरदायी नहीं होगी। बार-बार चुनाव होने की स्थिति में देश के राजकोष को नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा शीघ्र आम चुनाव के लिए तैयार है। आगे कहा कि किसी भी हालत में संप्रग सरकार की वापसी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि हम समय से पहले चुनाव का सामना करने के लिए तैयार हैं। आगे कहा कि केवल भाजपा ही केंद्र में वैकल्पिक सरकार बना सकती है। हम केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते हैं, हम राष्ट्र निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा मुख्य मुद्दे होंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संप्रग सरकार को बाहर से समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के रुख का पूर्वानुमान करना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि वे लोग भय से कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं। सरकार के समर्थन करने के लिए उनके पास अन्य कोई कारण नहीं है।
भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी आर्थिक सुधारों के पक्ष में है। पार्टी के वरिष्ठ नेता पेंशन और बीमा विधेयकों पर निर्णय लेंगे।
उन्होंने कहा कि हम सुधारों के विरुद्ध नहीं हैं, लेकिन सुधारों से आर्थिक असमानता और बेरोजगारी नहीं बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम रचानात्मक विपक्ष की भूमिका अदा करते हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 9, 2013, 22:05