Last Updated: Thursday, September 27, 2012, 16:19
ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: रेल मंत्रालय ने 1 अक्तूबर से एसी क्लास के सभी टिकटों पर 3.6 प्रतिशत सर्विस टैक्स वसूलने का आदेश जारी कर दिया है। वित्त मंत्रालय द्वारा पिछले बजट में रेल सेवाओं पर सर्विस टैक्स लगाए जाने के फैसले को ममता बनर्जी के कड़े विरोध के चलते अभी तक लागू नहीं किया जा सका था। ममता के सरकार से अलग होने के बाद अब केंद्र सरकार ने रेलवे में भी सुधार की कवायद शुरु कर दी है।
पिछले बजट में तत्कालीन वित्त मंत्री ने विभिन्न रेल सेवाओं पर 12 फीसदी तक सेवाकर लगाने का प्रस्ताव किया था।
जुलाई में इस टैक्स को लागू किए जाने से पहले तत्कालीन रेल मंत्री ने एक बार फिर इस पर विरोध जताया। उन्होंने वित्त मंत्रालय को पत्र भेजकर रेल सेवाओं पर सेवा कर लगाए जाने का विरोध किया था। वित्त मंत्रालय से सकारात्मक जवाब नहीं मिलने के बाद मुकुल राय ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर दखल मांग की थी।
जो यात्री पहले से टिकट आरक्षित करा चुके हैं उन यात्रियों से पहली अक्तूबर के बाद टीटीई ट्रेन में सर्विस टैक्स की राशि को अलग से वसूल करेंगे। इसके लिए यात्रियों को रसीद भी प्रदान की जाएगी।
First Published: Thursday, September 27, 2012, 16:19