Last Updated: Sunday, October 28, 2012, 15:06
नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिपरिषद के विस्तार के क्रम में रविवार को करीब एक दर्जन नए चेहरों समेत 22 मंत्रियों में से 15 ने अंग्रेजी में और 7 ने हिंदी में शपथ ली।
के रहमान खान, एमएम पल्लम राजू, अजय माकन, अश्वनी कुमार और चंद्रेश कुमारी ने अंग्रेजी में और दिनशा पटेल, हरीश रावत ने हिंदी में शपथ ली। इन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी और फिल्मों से राजनीति में आए चिरंजीवी को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है, दोनों नेताओं ने अंग्रेजी में शपथ ली। शशि थरूर ने राज्य मंत्री के रूप में दो साल बाद कैबिनेट में वापसी की है, उन्होंने अंग्रेजी में शपथ ली।
बारह नए राज्य मंत्रियों में तारिक अनवर( महाराष्ट्र) ने हिंदी में, के सुरेश (केरल) ने अंग्रेजी में, ए.एच. खान चौधरी, अधीर रंजन चौधरी ने अंग्रेजी में और दीपा दासमुंशी ने हिन्दी में (पश्चिम बंगाल) शपथ ली। एस.सत्यनारायण, के जे रेडडी और किल्ली कृपारानी ने अंग्रेजी में और पी बलराम नाइक ने हिन्दी में (आंध्र प्रदेश) शपथ ली। ये सभी राज्य मंत्रियों के रूप में मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए हैं।
लालचंद कटारिया (राजस्थान) और निनांग एरिंग (अरूणाचल प्रदेश) ने हिंदी में शपथ ली। रानी नाराह (असम) ने अंग्रेजी में शपथ ली। इन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, October 28, 2012, 15:06