Last Updated: Friday, November 30, 2012, 15:06
नई दिल्ली : सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वह उन 155 जिलों में केंद्रीय विद्यालय प्राथमिकता के आधार पर खोलने का विचार करेगी जहां अब तक ऐसे विद्यालय नहीं हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्री एमएम पल्लम राजू ने आज राज्यसभा में कहा कि देश के 155 जिलों में केंद्रीय विद्यालय नहीं हैं और सरकार निश्चित रूप से इन जिलों में प्राथमिकता के आधार पर केंद्रीय विद्यालय खोले जाने पर विचार करेगी। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान कहा कि 60 केंद्रीय विद्यालयों का निर्माण जारी है।
बारहवीं पंचवर्षीय योजना :वर्ष 2012..17: के दौरान देश भर में 500 केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव है। पल्लम राजू ने प्रो अनिल कुमार साहनी के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि देश में सरकारी निजी भागीदारी (पीपीपी) से केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की कोई योजना नहीं है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के बोर्ड ऑफ गवर्नर ने इस साल जनवरी में पीपीपी मोड के जरिये केंद्रीय विद्यालय खोले के प्रस्ताव पर विचार किया था। राजू ने कहा ‘बोर्ड ऑफ गवर्नर ने पीपीपी मोड के जरिये नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना पर अमल न न करने का फैसला किया। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 30, 2012, 15:06