2014 में लौटेगा एनडीए का शासन: राजनाथ सिंह

2014 में लौटेगा एनडीए का शासन: राजनाथ सिंह

2014 में लौटेगा एनडीए का शासन: राजनाथ सिंह नई दिल्ली : भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने पर राजनाथ सिंह ने मंगलवार को विश्वास जताया कि इस साल कई राज्यों में होने वाले विधानसभा और आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी विजयी होगी और केन्द्र में राजग का शासन लौटेगा।

पार्टी में मंगलवार को बदले नाट्कीय घटनाक्रम में नितिन गडकरी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और दूसरे कार्यकाल की दौड़ से हटने के बाद आज इस ओहदे के लिए निर्विरोध चुने जाने पर सिंह ने कहा कि मैं इसे पद के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करता हूं। आरोपों के चलते गडकरी के अध्यक्ष पद की दौड़ से हटने पर यह पद पाने वाले सिंह ने स्वीकार किया कि वह कोई सुखकर परिस्थितियों में पार्टी के शीर्ष आसन को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने गडकरी को दूसरा कार्यकाल देने का निर्णय किया था लेकिन उन्होंने (गडकरी) यह उच्च नैतिक रूख अपनाया कि सभी आरोपों से मुक्त होने तक वह दूसरे कार्यकाल को नहीं संभालेंगे। पार्टी के नए अध्यक्ष ने इस अवसर पर गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के ‘हिंदू आतंक’ संबंधी बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उसे ‘गैर जिम्मेदाराना’ बताया। कांग्रेस पर उन्होंने आरोप लगाया कि वह वोट बैंक की खातिर देश को साम्प्रदायिक आधार पर बांटने का प्रयास कर रही है।

केंद्र की सत्ता में लौटने का यकीन दिलाते हुए सिंह ने कहा कि ‘मेरा पक्का विश्वास है कि 2014 में भाजपा के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी। गौरतलब है कि 2009 के लोकसभा चुनाव के समय सिंह ही भाजपा अध्यक्ष थे और भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने दावा किया देश को पेश आ रही समस्याओं से भाजपा ही निपट सकती है।

उधर, पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अध्यक्ष बनने पर सिंह को बधाई देते हुए कहा कि राजनाथ सिंह की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह होगी कि वह यह सुनिश्चित करें कि भाजपा में किसी भी अनैतिक काम से समझौता नहीं किया जाएगा। आडवाणी ने कहा कि सिंह में लोगोंे को साथ लाने की क्षमता है और उम्मीद जताई कि वह अपने गृह प्रदेश उत्तरप्रदेश में पार्टी के खोए जनाधार को वापस लाने में सफल होंगे। नितिन गडकरी ने इस मौके पर उम्मीद जताई कि सिंह पार्टी में सबको एकजुट करने में सफल रहेंगे और उनके नेतृत्व में भाजपा 2014 का चुनाव जीतेगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 23, 2013, 16:16

comments powered by Disqus