26 दिसंबर को मुंबई पहुंचेंगे अन्ना - Zee News हिंदी

26 दिसंबर को मुंबई पहुंचेंगे अन्ना

मुंबई : मुंबई के उपनगरीय बांद्रा-कुर्ला परिसर (बीकेसी) स्थित मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण मैदान में सरकार के ‘कमजोर’ लोकपाल विधेयक के खिलाफ तीन दिन के अनशन के लिए अन्ना हजारे 26 दिसम्बर को यहां पहुंचेंगे।

 

हजारे के सहयोगी दत्ता अवारी ने बताया, ‘अन्ना 26 जनवरी को दोपहर में रालेगण सिद्धि से रवाना होंगे और सड़क मार्ग से शाम तक मुम्बई पहुंच जाएंगे।’ 48 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र वाले एमएमआरडीए मैदान में करीब 60 हजार लोगों के लिए स्थान है। हालांकि प्राधिकरण इस रैली के लिए 20 हजार वर्ग मीटर और पार्किंग के लिए 10 हजार वर्ग क्षेत्र ही किराए पर देगा।

 

एमएमआरडीए ने 26 दिसम्बर को पंडाल लगाने और इसे हटाने के लिए 30 दिसम्बर की तिथि तय की है। अन्ना पक्ष ने इसके लिए 7.78 लाख रुपये किराया अदा किया है। इसके अलावा अन्ना पक्ष ने 5.29 लाख रुपये जमानत के रूप में दिए हैं जो बाद में वापस कर दिया जाएगा। इस आयोजन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

 

इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सूत्रों ने बताया कि आयोजनस्थल पर हजारे के लिए कमरा उपलब्ध कराया जाएगा जिसके साथ एक शौचालय जुड़ा होगा। इसके साथ ही वहां पर एक चारपाई और गर्म पानी की निर्बाध आपूर्ति भी मुहैया कराई जाएगी। गांधीवादी नेता को सर्दी जुकाम हो गया है और वह फिलहाल अपने गांव में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। इंडिया अगेंस्ट करप्शन कार्यकर्ता हजारे का मंच तैयार करेंगे।

 

इंडिया अगेंस्ट करप्शन के समन्वयक मयंक गांधी ने कहा, ‘कोर कमेटी के सदस्यों के लिए एक स्वागत कक्ष और आगंतुक कक्ष होगा। सुरक्षा, चिकित्सा और पुलिसकर्मियों के लिए अलग कक्ष होगा। एंबुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध होगी। चिकित्सकों के दल के साथ ही कार्यकर्ता भी मौजूद होंगे। हमारे पास एक सूचना केंद्र, मीडिया कक्ष और पंजीकरण काउंटर भी होगा।’ संभावना है कि हजारे पक्ष के प्रमुख सहयोगियों अरविंद केजरीवाल और किरण बेदी मुंबई में हजारे के साथ अनशन करेंगे। वहीं अन्ना पक्ष के कुछ अन्य सहयोगी दिल्ली में अनशन पर बैठेंगे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 24, 2011, 20:55

comments powered by Disqus