26/11 हमला: पाक को दिए गए 15 डोजियर

26/11 हमला: पाक को दिए गए 15 डोजियर

नई दिल्ली : भारत सरकार मुंबई हमलों के सबूत के तौर पर पाकिस्तान सरकार को कुल 15 डोजियर दे चुकी है और पड़ोसी देश ने इन डोजियर का जवाब देने का भरोसा दिलाया है। विदेश राज्य मंत्री ई अहमद ने गुरुवार को राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से एक न्यायिक आयोग ने 14 से 21 मार्च 2012 तक भारत का दौरा किया और चार भारतीय गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

अहमद के अनुसार, भारतीय गवाहों के बयान मुंबई हमलों के उन सात संदिग्धों के संबंध में थे जिन पर पाकिस्तान में मुकदमा चल रहा है। विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस्लामाबाद में 24 तथा 25 मई 2012 को आयोजित गृह सचिव स्तरीय वार्ता में भारतीय पक्ष ने कानूनी प्रक्रिया से बच रहे भगोड़ों की एक सूची सौंपी। आशंका है कि ये भगोड़े पाकिस्तान में छिपे हैं।

मोहन सिंह के प्रश्न के लिखित उत्तर में अहमद ने बताया कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने मुंबई हमले के दोषियों को कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप यथाशीघ्र सजा दिलाने की अपनी वचनबद्धता भी दोहराई। (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 29, 2012, 16:16

comments powered by Disqus