Last Updated: Thursday, May 2, 2013, 13:19
नई दिल्ली : सरकार ने बताया कि विभिन्न कारणों से देशभर से 36.62 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये गए हैं।
लोकसभा में धनंजय सिंह के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विधि एवं न्याय मंत्री अश्विनी कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग ने बताया है कि देश में कितने पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में नहीं है, इसकी सटीक जानकारी देना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधत्व अधिनियम 1950 के प्रावधानों में इस बारे में पात्र मतदाताओं के मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के बारे में विस्तार से बताया गया है।
मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग प्रति वर्ष मतदाता सूची की समीक्षा करता है। और इसमें से मृत मतदाताओं के नाम हटाये जाते हैं।
कुमार ने कहा कि एक जनवरी 2013 की स्थिति के अनुसार देशभर से 36.62 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये गये। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र से 848538 मतदाताओं के नाम हटाये गए जबकि बिहार से 568123, तमिलनाडु से 546361, पश्चिम बंगाल में 231734, छत्तीसगढ़ से 149271, झारखंड से 160791, कर्नाटक से 173460, केरल से 138752, मध्यप्रदेश से 119913, पंजाब से 108819, उत्तरप्रदेश से 113030 मतदाताओं के नाम हटाये गए। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 2, 2013, 13:19