Last Updated: Friday, May 11, 2012, 09:46
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री अजरुन मुंडा की हालत काफी बेहतर है और डाक्टर उन्हें आईसीयू से वार्ड में भेजने के बारे में सोच रहे हैं। मुंडा को ले जा रहे हेलीकाप्टर के उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण वह घायल हो गए थे।
अपोलो अस्पताल के अधीक्षक पी डी सिन्हा ने कहा, ‘वह बहुत बेहतर हैं और उन्हें शाम को वार्ड में भेजा जा सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘भाजपा विधायक बारकुंवर गगराई और मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी मनोज सिंह को आज सुबह आईसीयू से वार्ड में भेज दिया गया। सिन्हा ने बताया कि मुंडा की पत्नी की हालत में भी सुधार हो रहा है।
न्यूरोसर्जन डा. संजय कुमार की अगुवाई में डाक्टरों का दल घायलों का इलाज कर रहा है। घायलों में हेलीकाप्टर के दो पायलट जे पी एस कौशिक और विपुल कुमार सिंह भी हैं। मुंडा को कल से हलका भोजन दिया जा रहा है और कल रात उन्होंने डाक्टरों से कहा कि लोगों की दुआओं से वह ठीक हो रहे हैं।
उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करने वाले लोगों का धन्यवाद किया। मुंडा, उनकी पत्नी, दो पायलट, एक विधायक और एक सुरक्षा अधिकारी बुधवार को उस समय घायल हो गए थे, जब उन्हें लेकर उड़ा हेलीकाप्टर गंतव्य पर उतरने में नाकाम रहने के बाद बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर वापस लौटा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, May 11, 2012, 15:16