Last Updated: Saturday, June 30, 2012, 20:28
करीमगंज (असम) : असम के करीमगंज में कांग्रेस विधायक रुमी नाथ और उनके दूसरे पति जकी जाकिर की एक भीड़ ने पिटायी कर दी जिसमें दोनों घायल हो गए। रुमी नाथ ने अपने पहले पति को तलाक दिये बिना ही जाकिर से विवाह कर लिया है ।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप पुजारी ने कहा, रुमीनाथ और जकी जाकिर की 200 से अधिक लोगों वाली एक भीड़ ने नगर में स्थित उस होटल में पिटायी कर दी जहां वे दोनों रात में रुके थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भीड़ रुमी नाथ की गत महीने जाकिर से विवाह किये जाने से नाराज थी।
रुमी गर्भवती हैं और इस घटना में वह और जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तत्काल बाद पुलिस दोनों को ले गई। उस समय दोनों के चोटों से काफी खून बह रहा है।
पुजारी ने बताया कि दोनों का इलाज कराने के बाद राजधानी गुवाहाटी ले जाया जा रहा है। रुमी नाथ बराक घाटी में बोरखोला विधानसभा सीट से विधायक हैं। रुमी ने अपने पहले पति राकेश सिंह को तलाक दिये बिना ही जाकिर से अपने विवाह की घोषणा कर दी जिससे हंगामा खड़ा हो गया। रुमी की एक दो वर्ष की बेटी भी है।
सिंह ने एक प्राथमिकी दर्ज करायी है कि उनकी पत्नी गत महीने से लापता है। महिला विधायक की सार्वजनिक रूप से पिटायी करने की यह पहली घटना है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 30, 2012, 20:28