Last Updated: Saturday, November 17, 2012, 15:05
गुवाहाटी: असम के बोडोलैंड क्षेत्रीय जिला समूह (बीटीएडी) के कोकराझार जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती दिखाई दे रही है। यहां फैली हिंसा में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। जानकारी के अनुसार संदिग्ध उग्रवादियों ने जिले में शुक्रवार देर रात एक मकान पर हमला कर दिया और चार लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
हिंसा की यह घटना जियागुरी गांव में हुई, जबकि जिले में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा हुआ है। बीते तीन दिनों से सेना जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर रही है।
पुलिस ने बताया कि हथियारबंद लोगों के एक समूह ने शुक्रवार रात 11 बजे के करीब अब्बास अली नाम के शख्स के घर पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य नाबालिग लड़के का हाथ गोली लगने के कारण जख्मी हो गया।
वहीं शुक्रवार शाम जिले के बामुनगांव में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा एक मकान पर गोलियां चलाने की वजह से घायल हुई एक महिला की शनिवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई।
बीते 24 घंटों में हुई पांच मौतों के बाद कोकराझार जिले में हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। क्षेत्र में अशांति 10 नवम्बर को शुरू हुई थी।
इसी बीच पुलिस ने शनिवार को बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के कार्यकारी सदस्य मोनो कुमार ब्रह्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोकराझार में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी उसके कब्जे से अवैध हथियार और गोला बारूद बरामद होने के बाद की गई।
असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ब्रह्मा की गिरफ्तारी की पुष्टि भी कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस को ब्रह्मा के पास से दो एके 47 राइफलें, दो मैगजीन और 60 कारतूस बरामद हुए हैं।
ब्रह्मा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) का सदस्य है। यह दल बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद में सत्ता में है और असम में सत्तारूढ़ कांग्रेस का सहयोगी भी है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 17, 2012, 15:05