Last Updated: Monday, September 10, 2012, 16:55

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई: गिरफ्तार कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी को मुंबई की एक अदालत ने 24 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए गए कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी ने जमानत लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने अपने लिए कोई वकील रखने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 24 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
देशभर में असीम के समर्थन में लोग उतर आए हैं। असीम के माता−पिता का भी कहना है कि उनके बेटे ने कोई अपराध नहीं किया है इसलिए उसे जमानत नहीं लेनी चाहिए।
असीम पर आरोप है कि उन्होंने अपने कार्टूनों में संसद, राष्ट्रीय झंडे और राष्ट्रीय चिह्न की अवमानना की है। यह कार्टून मुंबई में अन्ना हजारे के अनशन के दौरान लगाए गए थे। इसी आधार पर असीम के खिलाफ देशद्रोह का आरोप लगाया गया है, लेकिन प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन जस्टिस मार्कंडेय काटजू समेत तमाम हस्तियों ने असीम की गिरफ्तारी को गलत बताया है।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री आरआर पाटिल ने कहा है कि असीम को जल्द ही छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। असीम की गिरफ्तारी को लेकर उनके शहर कानपुर समेत देशभर में कई जगह विरोध-प्रदर्शन हुए हैं।
कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी की गिरफ्तारी को लेकर उनके अपने जिले उन्नाव के साथ साथ कानपुर के लोगों में काफी आक्रोश है और इसी गिरफ्तारी के विरोध में आज असीम के पिता अशोक त्रिवेदी ने सैकड़ों नागरिकों के साथ सुबह सुबह केन्द्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के घर पर उनसे मुलाकात की और उसकी रिहाई की मांग की ।
First Published: Monday, September 10, 2012, 16:55