Last Updated: Wednesday, February 15, 2012, 11:23
हैदराबाद : आंध्र प्रदेश में जूनियर डॉक्टरों द्वारा हड़ताल वापस लेने से बुधवार को सरकारी अस्पतालों में आपात सेवाएं बहाल हो र्गई। राज्य सरकार द्वारा समस्याओं पर विचार करने के वादे पर जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ली है। जूनियर डॉक्टर करीब एक महीने से हड़ताल पर थे। उन्होंने अपनी हड़ताल तीव्र करते हुए 10 फरवरी को आपात सेवाओं का भी बहिष्कार कर दिया था। चिकित्सा शिक्षा मंत्री कोंदरू मुरली के साथ लम्बी बैठक के बाद जूनियर डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली। सरकार एवं हड़ताली डॉक्टरों के मध्य वार्ता मंगलवार शाम को शुरू हुई जो बुधवार सुबह तक चली।
आंध्र प्रदेश जूनियर डॉक्टर्स संघ के नेताओं ने कहा कि वे अस्थाई रूप से हड़ताल वापस ले रहे हैं। उन्होंने वादा किया था मांगों को पूरा करने के सम्बंध में राज्य सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद वे हड़ताल वापस लेंगे।
जूनियर डॉक्टरों की मांग है कि उनके मानदेय में 40 फीसदी की वृद्धि की जाए एवं गांवों में अनिवार्य तैनाती की अवधि तीन से घटाकर एक वर्ष की जाए। सरकार ने उनकी 13 में से 11 मांगों को स्वीकार कर लिया है। दस मेडिकल कॉलेजों के करीब 3000 जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से आपात सेवाएं ठप्प थीं। शुक्रवार एवं शनिवार को 40 मरीजों की मौत गई लेकिन सरकार ने दावा किया कि इन मौतों का हड़ताल से कोई संबंध नहीं है।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 15, 2012, 16:53