Last Updated: Friday, January 25, 2013, 20:40
संगम (इलाहाबाद): इलाहाबाद स्थित महाकुम्भ मेला क्षेत्र में शुक्रवार को एलपीजी गैस सिलेंडर लीक होने के चलते तीन टेंटों में आग लग गई। इससे 19 श्रद्घालु झुलस गए। घायलों में 6 की हालत गम्भीर बनी हुई है। घटना झूसी इलाके स्थित साकेत धाम आश्रम की है, जहां रसोई गैस सिलेंडर में हुए रिसाव से एक टेंट में लगी आग कुछ ही पलों में दो और टेंटों तक फैल गई। आग से आश्रम में रखा दान का सामान जल गया।
अग्निशमनकर्मियों की तत्परता के कारण बीस मिनट के अंदर आग पर काबू पाकर उसे फैलने से रोक लिया गया गया। बाद में आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया।
घायलों को तत्काल एम्बुलेंसों के जरिए पहले मेला क्षेत्र स्थित केंद्रीय अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया और फिर शहर के स्वरूपरानी बर्न सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल में भर्ती करा दिया जहां विशेषग्य उनकी हालत पर निगरानी रख रहे हैं। घायलों में छह की हालत गम्भीर बताई जा रही है। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। फिलहाल घायल लोगों के नाम और पते मालूम नहीं हो सके हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, January 25, 2013, 19:35